लखनऊ,( आरएनएस ) 24 मार्च, 2026। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय सड़क सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार कानून बना सकती है, किन्तु सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सुनिश्चित की जा सकती है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आचरण से देश को सुरक्षित बनाने में योगदान दे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं तथा स्काउट-गाइड की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 में जब देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक योगदान में स्काउट-गाइड का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु के आंकड़ों में 50 प्रतिशत की कमी लाना है। जब तक देश के युवा इस महत्वपूर्ण अभियान से नहीं जुड़ेंगे, तब तक इस लक्ष्य को प्राप्त करना कठिन होगा। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष लगभग 23 से 24 हजार लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं के कारण होती है, जो अत्यंत चिंताजनक है। इस दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को प्रशिक्षित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि द्रुतगामी मार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं, जिससे तेज गति से वाहन चलाने तथा विपरीत दिशा में वाहन संचालन जैसी गतिविधियों को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही बिना हेलमेट ईंधन न देने के प्रावधान का भी पालन आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालान का उद्देश्य दंड वसूल करना नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा करना है। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया।परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से आए स्काउट-गाइड प्रशिक्षकों को आधारभूत नियमों, सिद्धांतों तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्राथमिक उपचार से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन प्रशिक्षकों के माध्यम से जनपदों में विद्यालय स्तर पर संचालित स्काउट-गाइड इकाइयों तक यह प्रशिक्षण पहुंचाया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रायोगिक स्तर पर राष्ट्रीय छात्र सेना तथा राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े युवाओं को भी सड़क सुरक्षा अभियान से जोडऩे की योजना है, क्योंकि इन संगठनों की भूमिका अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा संवाद कार्यक्रम जनपद स्तर की स्काउट एवं गाइड इकाइयों को सड़क सुरक्षा अभियान से जोडऩे तथा उन्हें संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के स्टेट चीफ कमिश्नर प्रभात कुमार, विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग अमित कुमार, आईआरटीई के निदेशक रोहित बालूजा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

