लखनऊ,( आरएनएस ) 24 मार्च, 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोकभवन, लखनऊ में आयोजित निवेश मित्र 3.0 के शुभारंभ तथा लेटर ऑफ कम्फर्ट एवं अनुदान वितरण कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी भी सम्मिलित हुए।मंत्री नन्दी ने अपने संबोधन में विशिष्ट शैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि काबिल-ए-तारीफ है अंदाज एक-एक काम का, गा रहा है गीत यूपी योगी जी के नाम का।उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों एवं स्पष्ट नियत के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में निवेश का अभूतपूर्व वातावरण बना है, जिसके फलस्वरूप लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश मित्र प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का स्वर्णिम अध्याय बन चुका है। बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश का औद्योगिक परिवेश अत्यंत सकारात्मक रूप से परिवर्तित हुआ है, जिसकी पृष्ठभूमि में निवेश मित्र जैसी एकल खिड़की प्रणाली का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।मंत्री नन्दी ने कहा कि एकल खिड़की प्रणाली ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति को प्रभावी बनाया है, जिससे पूरी निवेश प्रक्रिया पारदर्शी बनी है। उन्होंने कहा कि इस नए संस्करण के शुभारंभ से उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान अधिक दक्षता और कुशलता के साथ संभव हो सकेगा। समझौता ज्ञापन से लेकर उत्पादन तक की संपूर्ण प्रक्रिया को नई गति मिलेगी तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित होगी।उन्होंने कहा कि सेवा और संकल्प को समर्पित डबल इंजन सरकार के नौ वर्ष उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे हैं। आदर्श कानून व्यवस्था, क्षेत्रवार औद्योगिक नीतियां, जवाबदेह कार्यप्रणाली और निवेशकों के हितों की सुरक्षा ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ गंतव्य के रूप में स्थापित किया है।मंत्री नन्दी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों के दौरान 3,367 लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए गए हैं, जो लगभग 200 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। साथ ही अनुदान वितरण में भी छह गुना की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में समानता है, जिसके परिणामस्वरूप निवेशक उत्तर प्रदेश पर भरोसा और विश्वास जता रहे हैं।उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जापान और सिंगापुर की यात्रा के दौरान वहां के निवेशकों में उत्तर प्रदेश को लेकर अत्यंत उत्साह और सकारात्मक दृष्टिकोण देखने को मिला, जो प्रदेश में आए व्यापक बदलाव का प्रमाण है। प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक इस नए उत्तर प्रदेश और उसके सशक्त नेतृत्व पर गौरव का अनुभव कर रहे हैं।अपने संबोधन के समापन पर मंत्री नन्दी ने कहा कि अमन में है यूपी का गुलशन, योगी जी को जिन्दाबाद, बोल रही है धड़कन-धड़कन, योगी जी को जिन्दाबाद। बाद जमाने के यूपी में, न्याय का सूरज निकला है, कांप रहा है खौफ से माफिया, योगी जी को जिन्दाबाद।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

