नईदिल्ली,25 मार्च। अमेरिका के उद्यमी कल सोमानी के नेतृत्व वाले एक समूह ने 1.63 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 15,289 करोड़ रुपये) में राजस्थान रॉयल्स की शत-प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। यह सौदा आईपीएल फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे महंगे सौदों में से एक माना जा रहा है। इस समूह में सोमानी के साथ रॉब वाल्टन (वॉलमार्ट) और हैम्प (फोर्ड) परिवार भी शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, यह स्वामित्व 2026 के आईपीएल संस्करण के बाद प्रभावी होगा।
कल सोमानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पोर्ट्स टेक के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने इंट्राएज और ट्रयूओ जैसी कंपनियों की स्थापना की है। क्रिकेट के अलावा उनकी गोल्फ में भी काफी दिलचस्पी है। वे मोटर सिटी गोल्फ क्लब के संस्थापकों में से एक हैं। टाइगर वुड्स इस क्लब के प्रमुख चेहरे रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स की बोली प्रक्रिया में 4 बिड्स आई थीं, जिसमें सोमानी के कंसोर्टियम ने आखिरकार बाजी मारी।
राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल की पहली सीजन (2008) की विजेता टीम है। शुरू से ही यह फ्रेंचाइजी युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए जानी जाती रही है। यही कारण है कि राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को अपना नया कप्तान बनाया है। पिछले 6 महीनों से राजस्थान रॉयल्स की बिक्री की बात चल रही थी। कल सोमानी पहले से ही इस टीम के माइनॉरिटी इन्वेस्टर थे, इसलिए उन्हें फायदा मिला है।
आईपीएल के इतिहास में यह इस तरह की सबसे बड़ी डील है। पिछले साल, टोरेंट ग्रुप ने सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स से गुजरात टाइटंस में 67 प्रतिशत की बहुमत हिस्सेदारी लगभग 5,025 करोड़ रुपये में हासिल की थी, जिससे फ्रेंचाइजी का मूल्यांकन लगभग 7,500 करोड़ रुपये हो गया था। सीवीसी कैपिटल ने 33 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने पास रखी, जबकि उसने 2021 में टीम को शुरू में 5,625 करोड़ रुपये में खरीदा था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

