नईदिल्ली,25 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास की सबसे चर्चित टीमों में शुमार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स, और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी ने मिलकर खरीदा है। क्रिकबज के मुताबिक, इस समूह ने 1.78 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में टीम की पूरी हिस्सेदारी खरीदी है। हालांकि, अभी बीसीसीआई से आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है।
बिड़ला ग्रुप के आर्यमन विक्रम बिड़ला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नए चेयरमैन बनेंगे। वहीं, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समूह ने यूके-डियाजियो पीएलसी की सहायक कंपनी, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक पक्का समझौता किया है। इस खरीद में आईपीएल और डब्ल्यूपीएल दोनों की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं।
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने एक बयान में कहा, पिछले 2 दशकों में आईपीएल एक वैश्विक खेल शक्ति के रूप में उभरा है, जिसने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया है और भारत के लिए जबरदस्त मूल्य पैदा किया है। हम इस संपत्ति के संरक्षक बनकर बेहद खुश हैं और इस असाधारण विरासत को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को सबसे पहले साल 2008 में तत्कालीन किंगफिशर एयरलाइंस लिमिटेड के मालिक विजय माल्या ने खरीदा था। हालांकि, 2012 में यह कंपनी बंद हो गई थी। उसके बाद में टीम को माल्या की अगुवाई में यूनाइटिड स्पिरिट्स लिमिटेड ने खरीद लिया था। इसके बाद माल्या के विदेश भागने के बाद यूनाइटिड स्पिरिट्स लिमिटेड ने कंपनी की एक बड़ी हिस्सेदारी डियाजियों को बेच दी थी।
आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराते हुए अपना पहला खिताब जीता था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लीग स्टेज के अपने 14 में से 9 मैच जीते और 4 में शिकस्त मिली थी। इस बीच 1 मैच बेनतीजा रहा था। अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं, क्वालीफायर-1 में रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने पंजाब किंग्स को 8 विकेट से मात दी थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

