देहरादून,25 मार्च (आरएनएस)। नशे में धुत होकर रांग साइड टैक्सी दौड़ाने और आमजन की जान खतरे में डालने पर पुलिस ने एक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी बोलेरो टैक्सी सीज कर दी गई है। आराघर चौकी इंचार्ज नरेंद्र कोटियाल ने बताया कि आराघर क्षेत्र में मंगलवार रात चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान धर्मपुर मंडी से आराघर टी-जंक्शन स्थित शराब के ठेके की ओर एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो टैक्सी रांग साइड से तेजी व लापरवाही से आती दिखी। पुलिस कर्मियों ने तुरंत गाड़ी को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक की पहचान 19 वर्षीय हिमांशु पुत्र विनोद लाल, निवासी गडोली, थाना गैरसैंण, चमोली के रूप में हुई। पुलिस को चालक के नशे में होने का शक हुआ। जिसके बाद एल्कोमीटर से जांच करने पर उसके शराब पीने की पुष्टि हो गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने पर पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ डालनवाला थाने में धारा 281 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए टैक्सी को सीज कर दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

