नईदिल्ली,28 मार्च। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर साबित किया कि उनका प्रभाव मैदान के बाहर भी उतना ही बड़ा है। टी-20 विश्व कप 2026 जीतने वाले इस हरफनमौला खिलाड़ी ने इस बार वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड्समैन के लिए दिल जीत लेने वाला कदम उठाया। महीनों पहले किया गया अपना वादा निभाते हुए हार्दिक ने ग्राउंड्समैन को सम्मानित किया और उन्हें उपहार व आर्थिक सहायता देकर खास अंदाज में आभार जताया।
मुंबई इंडियंस के कप्तान ने विश्व कप से पहले वानखेड़े में देर रात तक जमकर अभ्यास किया था। कई बार उनकी ट्रेनिंग सामान्य समय से काफी आगे तक चली, लेकिन इस दौरान ग्राउंड्समैन ने उन्हें हर तरह की सुविधा और सहयोग दिया। हार्दिक ने उस वक्त उनका आभार जताते हुए वादा किया था कि वह इसे जरूर लौटाएंगे। उन्होंने अपना वादा निभाया और ग्राउंड स्टाफ को सम्मानित करते हुए उन्हें उपहार और आर्थिक प्रोत्साहन देकर धन्यवाद दिया।
हार्दिक और ग्राउंड स्टाफ की मेहनत आखिरकार रंग लाई। भारत ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। पूरे टूर्नामेंट में हार्दिक ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई थी। इस खिताबी जीत के साथ ही हार्दिक लगातार 2 बार टी-20 विश्व कप जीतने वाले खिलाड़ी बन गए, इससे पहले वह 2024 में भी विजेता टीम का हिस्सा रह चुके थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

