-कृषि विवि के मौसम विज्ञान विभाग में मनाया गया विश्व मौसम विज्ञान दिवस
अयोध्या 25 मार्च (आरएनएस)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में 76वां विश्व मौसम विज्ञान दिवस आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा कुलपति डा बिजेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सीताराम मिश्रा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने मौसम के विभिन्न पहलुओं एवं फसलों पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव एवं उनके बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि-मौसम विज्ञान विभाग सटीक मौसम की जानकारी तथा मौसम आधारित कृषि-सलाह सेवाओं के माध्यम से किसानों की सहायता करता है। मौसम विभाग की जानकारी से किसान अपनी फसल को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठा सकते हैं। शस्य विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. ए.के सिंह ने कहा कि किसानों को अपनी उत्पादकता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की जरूरत है। अच्छी पैदावार के लिए समय से फसलों की बुआई और आधुनिक उपकरणों को प्रयोग करना होगा। कृषि शोध छात्रों ने भी मौसम और जलवायु परिवर्तन से संबंधित विषयों पर व्याख्यान दिए। डॉ गौरव चतुर्वेदी ने बताया कि जलवायु परिवर्तन बढ़ते तापमान, समुद्र के जलस्तर में वृद्धि, सूखा और बाढ़ जैसी स्थितियों को प्रभावित करता है। विभागाध्यक्ष डा. सीताराम मिश्रा के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मौसम विज्ञान विभाग के शिक्षक, वैज्ञानिक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

