New Delhi 25 March, (Rns) /- भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन संचालित आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) की सुबह की शुरुआत अब थोड़ी अलग होगी। आकाशवाणी अब सुबह की अपनी ब्रॉडकास्ट में ‘वंदे मातरम’ के दो छंदों के बजाय पूर्ण संस्करण प्रसारित करेगा।
स्वतंत्रता के बाद से ही आकाशवाणी स्टेशनों की यह परंपरा रही है कि वे अपने सुबह के प्रसारण की शुरुआत अपनी प्रतिष्ठित धुन से करते हैं, जिसके बाद राष्ट्रगान ‘वंदे मातरम’ के दो छंदों वाला संस्करण (अवधि 65 सेकंड) प्रसारित किया जाता है। लेकिन, 26 मार्च से यह परंपरा थोड़ी अलग रहेगी। आकाशवाणी के सभी स्टेशनों में इन दिन से नए संस्करण का प्रसारण शुरू हो जाएगा।
गृह मंत्रालय द्वारा दिनांक 28 जनवरी, 2026 को जारी छह छंदों वाले राष्ट्रीय गीत संबंधी दिशानिर्देश के मद्देनजर आकाशवाणी के सभी स्टेशनों पर 26 मार्च, 2026 से राष्ट्रीय गीत का नया संस्करण प्रसारित किया जाएगा। नए संस्करण की अवधि 3 मिनट 10 सेकंड है।
प्रसारित होने वाला प्रारंभिक संस्करण प्रसिद्ध हिंदी शास्त्रीय गायक पंडित चंद्रशेखर वाजे द्वारा राग देश में गाया गया है। उनके स्वर में गीत का हर शब्द, हर भाव देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति प्यार से भरपूर है। अब तक जो लोग सिर्फ छोटे संस्करण से परिचित थे, उनके लिए यह पूरा गीत सुनना एक नया अनुभव होगा।

