नई दिल्ली,26 मार्च। भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपने विकास में अनुभवी मोहम्मद शमी की अहम भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दिग्गज खिलाड़ी लगातार उन्हें मार्गदर्शन देते रहते हैं.
उन्होंने कहा, ”मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं. वह कई वर्षों से भारत के लिए खेल रहे हैं और अब भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. जब भी मैं किसी मुश्किल में होता हूं या चीजें ठीक नहीं चल रही होतीं, तो मैं उनके पास जाता हूं और सवाल पूछता हूं. वह हमेशा मेरी मदद करते हैं.ÓÓ
बंगाल के इस तेज गेंदबाज का 2025-26 घरेलू सत्र शानदार रहा, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 30 से अधिक विकेट लेकर अपनी अनुशासित गेंदबाजी और क्षमता से प्रभावित किया.
मुकेश ने पिछली बार 2023 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. तब से वह परिणामों के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने एक सवाल पर कहा, ”मैं विश्व कप या बड़े टूर्नामेंट के बारे में बहुत आगे की नहीं सोचता. मेरा ध्यान इस बात पर है कि आज मुझे क्या करना है, अभ्यास में कैसे सुधार करना है, कौन-कौन सी नई विविधताएं जोड़ सकता हूं और अलग-अलग बल्लेबाजों के खिलाफ कैसे तैयारी करनी है.ÓÓ
आईपीएल में मुकेश ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैचों में सात विकेट लिए और अक्सर अंतिम ओवरों में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली. उनका प्रदर्शन हालांकि मिश्रित रहा.
इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने कहा कि वह सटीक गेंदबाजी, खासकर यॉर्कर और टी20 क्रिकेट के अनुरूप विविधताओं पर लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”चाहे यॉर्कर हो या वाइड यॉर्कर, आपको लगातार सुधार करते रहना होता है। परिस्थितियां और मैच की स्थिति आपको खुद को ढालने की मांग करती हैं.ÓÓ
आईपीएल के आगामी सत्र को लेकर मुकेश ने अपने लक्ष्य स्पष्ट रखे हैं. उन्होंने कहा, ”मैं बस टीम के लिए जितना हो सके योगदान देना चाहता हूं और उन्हें मैच जिताने में मदद करना चाहता हूं.ÓÓ
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

