दुर्ग 26 मार्च (आरएनएस) जय माता दी के जयकारों के बीच दुर्ग नगर निगम परिसर महाअष्टमी पर पूरी तरह भक्ति में डूबा नजर आया, जहां महापौर ने विधि-विधान से पूजा कर कन्याओं को स्नेह भोज कराया और श्रद्धालुओं के साथ महाप्रसादी वितरण में शामिल हुईं। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर में महाअष्टमी के दिन भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन और विशेष पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें महापौर अलका बाघमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधिवत आहुति देकर शहर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जहां छोटी-छोटी बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया गया और स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। महापौर स्वयं इस आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहीं और कन्याओं को अपने हाथों से भोजन परोसा। मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महाप्रसादी वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। निगम परिसर में पूरे समय भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा, वहीं माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों को महाअष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चैत्र नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों के सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में देवनारायण चंद्रकार, लीना दिनेश देवांगन, नीलेश अग्रवाल, शशि साहू, हर्षिका संभव जैन, विद्यावती सिंह, रंजीता पाटिल, कुलेश्वर साहू, नीरा खिचरिया, ललिता ठाकुर और युवराज सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और सेवा भाव का मजबूत संदेश भी दे गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

