बलौदाबाज़ार 26 मार्च (आरएनएस) थाना कसडोल ग्राम चकरवाय में चूलमाटी कार्यक्रम के दौरान चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को कसडोल पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डीजे में नाचते वक्त विवाद कर प्रार्थी और बीच-बचाव करने आए युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।घटना 25 मार्च 2026 की रात करीब 10:45 बजे की है, जब प्रार्थी राकेश मारकंडे अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। इसी दौरान चूलमाटी कार्यक्रम में मौजूद आरोपी सचिन चेलक (23 वर्ष), निवासी ग्राम चकरवाय ने उसके पास आकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए यश कुमार चेलक पर भी आरोपी ने उसी नीयत से वार किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में तत्काल टीम सक्रिय हुई और आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में ले लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कार्यक्रम के दौरान रौब जमाने के उद्देश्य से दोनों पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने आरोपी को 26 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

