बलौदाबाज़ार 27 मार्च 2026(आरएनएस) गिरौदपुरी मंदिर परिसर के पास 27 मार्च 2026 की सुबह एक ट्रांसफार्मर में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और आसपास की करीब 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कपड़े, साड़ी और लकड़ी से बनी दुकानों में आग तेजी से फैलती गई, लेकिन सूचना मिलते ही गिरौदपुरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी पडवार के नेतृत्व में पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कार्रवाई तुरंत शुरू कर दी।

घटना इतनी तेजी से बढ़ रही थी कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही हालात बेकाबू हो सकते थे और आग मंदिर परिसर तक पहुंचने का खतरा बन गया था। ऐसे में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बाल्टियों और बर्तनों के सहारे आग पर काबू पाने की जंग शुरू की। स्थानीय निवासियों ने भी पूरा सहयोग दिया और मिलकर आग को फैलने से रोका गया।
बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर पर एक बंदर के कूदने से डीओ उड़ने के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस की तत्परता और मौके पर त्वरित निर्णय ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर पूरी तरह आग पर काबू पाया गया।
इस आगजनी में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है और पुलिस द्वारा नुकसान का पंचनामा तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आग मंदिर परिसर तक पहुंच सकती थी, जिससे स्थिति और भयावह हो जाती।

