नईदिल्ली,27 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का नाम आते ही जिस खिलाड़ी की छवि सबसे पहले उभरती है, वो हैं महेंद्र सिंह धोनी। शांत स्वभाव, सटीक रणनीति और मैच खत्म करने की कला ने उन्हें इस लीग का सबसे बड़ा चेहरा बनाया है। आईपीएल के शुरुआती संस्करण से लेकर आज तक, धोनी ने न सिर्फ कप्तानी में कमाल किया बल्कि अपने प्रदर्शन से भी टीम को कई यादगार जीत दिलाई हैं। ऐसे में आइए जानते हैं उनके शानदार सफर की कहानी।
धोनी का आईपीएल का सफर सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि दबाव में जीत गढऩे की कहानी रहा है। आईपीएल में साल 2008 से वह सीएसके की रीढ़ बने और टीम को 5 बार खिताब जिताया और ज्यादातर संस्करण में प्लेऑफ तक पहुंचाया। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती, कप्तानी में सटीक रणनीति और अंत में मैच खत्म करने की कला ने उन्हें अलग बनाया। मुश्किल हालात में शांत रहकर बाजी पलटना ही धोनी की सबसे बड़ी पहचान बना।
अब आईपीएल में धोनी बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते हुए नजर आते हैं। कप्तान के तौर पर उनके आंकड़े कमाल के हैं। उन्होंने साल 2008 में पहली बार इस लीग में कप्तानी की थी। उन्होंने 235 मुकाबलों में कप्तानी की है और इस दौरान उनकी टीम को 136 मैच में जीत मिली। 97 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला। धोनी के बाद सबसे ज्यादा जीत रोहित शर्मा (87) के नाम है।
धोनी सीएसके के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बल्ले से 248 मैचों की 215 पारियों में 39.23 की औसत और 139.11 की स्ट्राइक रेट से 4,865 रन निकले हैं। उन्होंने 22 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* रन है। धोनी के बाद सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन (4,687) सुरेश रैना ने बनाए हैं। उन्होंने 176 मैच में 136.88 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100* रन है।
धोनी सीएसके के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के (234) लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। दूसरे स्थान पर रैना हैं, जिनके बल्ले से 180 छक्के निकले थे। शिवम दुबे इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके बल्ले से सीएसके के लिए 100 छक्के निकले हैं। आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के (264) लगाने के मामले में धोनी चौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली (291), रोहित (302) और क्रिस गेल (357) हैं।
धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपरों में शुमार हैं। उन्होंने 278 मैचों की 271 पारियों में विकेट के पीछे 201 शिकार किए हैं, जिसमें 154 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं। उनकी फुर्ती और सटीकता ने उन्हें बल्लेबाजी और कप्तानी के अलावा इस क्षेत्र में भी अलग पहचान दिलाई। इस सूची में दूसरे नंबर पर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी दिनेश कार्तिक हैं। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 174 शिकार किए थे, जिसमें 137 कैच और 37 स्टंपिंग शामिल थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

