रांची,27 मार्च। प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल (ट्राइबल गेम्स) में झारखंड महिला हॉकी टीम ने अपने पहले ही लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु को 30-0 के विशाल अंतर से पराजित कर दिया. छत्तीसगढ़ के रायपुर में 25 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मैच में विपक्षी टीम पर दबदबा बनाए रखा.
इस मैच की शुरुआत से ही झारखंड की खिलाडिय़ों ने तेज गति, सटीक पासिंग और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया. टीम की ओर से सेलस्टिना होरो ने सर्वाधिक 6 गोल दागते हुए जीत की मुख्य नायिका बनीं. निशा मिंज ने 5 गोल, अनीशा डुंगडुंग ने 4 गोल और रोशनी ऐंड ने 3 गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई. इसके अलावा स्वीटी डुंगडुंग और पार्वती टोपनो ने 2-2 गोल किए. वहीं बालो होरो, मनीला बागे, सरोज कुमारी, प्रेनी कंडीर, सिलबिया नाग, रजनी केरकेट्टा, सुष्मिता कुल्लू और कौशल्या कुमारी ने 1-1 गोल कर टीम की जीत को ऐतिहासिक बना दिया. इस तरह झारखंड की टीम ने कुल 30 गोल दागते हुए अपनी आक्रामक क्षमता का परिचय दिया.
टीम की इस सफलता में कोच करुणा पूर्ति की रणनीति, अनुशासित प्रशिक्षण और टीम मैनेजमेंट की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम मैनेजर अमित रंजना मिंज और फिजियो शशांक सौरभ ने खिलाडिय़ों की फिटनेस और प्रदर्शन को बेहतर बनाए रखने में अहम योगदान दिया. इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और आने वाले मुकाबलों के लिए टीम पूरी तरह तैयार है. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने टीम को बधाई दी है.
28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता के चौथे दिन क्वार्ड वर्ग के पदक विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में पदक हासिल किए.
क्वार्ड बालक वर्ग में मणिपुर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा को रजत पदक मिला. नागालैंड और बिहार ने कांस्य पदक प्राप्त किया. वहीं बालिका वर्ग में भी मणिपुर ने स्वर्ण पदक हासिल किया. नागालैंड को रजत, जबकि हरियाणा और असम को कांस्य पदक मिला.
चौथे दिन आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया. इस दौरान अतिथियों ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेल के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया.
इस समारोह में सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी नरेश कुमार, झारखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के चेयरमैन सुनील सूर्यांत, प्रेसिडेंट उदय साहू सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का अंतिम दिन अगले दिन होगा, जिसमें फाइनल मुकाबलों के बाद विजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी प्रदान कर प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

