सारंगढ़-बिलाईगढ़ 27 मार्च 2026(आरएनएस) को एसडीएम कार्यालय परिसर में आयोजित अनुविभाग स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया, जहां कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर विभिन्न विभागों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। शिविर में कुल 97 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग ने अन्नप्राशन, गोदभराई और बालिका जन्मोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया, वहीं रेडी-टू-ईट व्यंजनों की प्रदर्शनी और महतारी वंदन योजना की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने साफ निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निराकरण तय नियमों और समयसीमा के भीतर किया जाए।
कृषि विभाग ने किसानों को राहत देते हुए 10 किसानों को कीटनाशक दवाओं का वितरण किया, जिससे फसलों को बचाने में मदद मिलेगी। उद्यानिकी विभाग ने भी किसानों को फलदार पौधे बांटकर उन्हें अतिरिक्त आय के लिए प्रेरित किया। वहीं शिक्षा विभाग ने कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन चेक देकर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस दौरान एसडीएम वर्षा बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

शिविर का उद्देश्य प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाना और समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा, जिससे आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

