बलौदाबाजार-भाटापारा 27 मार्च 2026 (आरएनएस) पुलिस कार्यालय सभा कक्ष में नवीन आपराधिक कानून के तहत ई-साक्ष्य और ई-समंस के प्रभावी उपयोग को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जहां पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में अधिकारियों और कोर्ट स्टाफ को डिजिटल जांच प्रक्रिया में दक्ष बनाने की कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने साफ किया कि अब अपराध की जांच पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर और मजबूत होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विवेचना के दौरान आरोपियों और गवाहों के मोबाइल नंबर का सटीक रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि ई-समंस जारी करने की प्रक्रिया तेज और प्रभावी हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधान आरक्षक विनोद सिंह ने प्रोजेक्टर के जरिए ई-साक्ष्य और ई-समंस पोर्टल का लाइव डेमो दिया। अधिकारियों को तकनीकी प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं, जिससे केस की जांच में तेजी और सटीकता लाई जा सके। डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से साक्ष्य संग्रह और प्रस्तुतिकरण दोनों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान डीडीपीओ गजेंद्र साहू, डीपीओ सरिता शर्मा, शासकीय अभिभाषक तामेश्वर वर्मा, अभियोजन अधिकारी राजेश कौशिक, एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय सहित जिले के सभी कोर्ट मोहर्रिर और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे, जिन्होंने इस नई व्यवस्था को गंभीरता से समझा।
पुलिस का मानना है कि ई-साक्ष्य और ई-समंस का सही उपयोग अपराधियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार करेगा और न्यायालय में सजा दिलाने की प्रक्रिया को तेज करेगा।

