बिलासपुर 27 मार्च (आरएनएस) सरकंडा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने वारदात के चंद घंटों के भीतर धर दबोचा और उसके कब्जे से करीब 70 किलो कटिंग सरिया बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तेजी से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनत लोधी पिता डेरहा लोधी (55 वर्ष) निवासी बगदाई मंदिर के पास, अटल आवास अशोक नगर सरकंडा के रूप में हुई है। आरोपी ने रात के अंधेरे में निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर सरिया चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और तेजी से जांच शुरू की गई। मुखबिर तंत्र और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 70 किलोग्राम कटिंग सरिया बरामद कर जप्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 331-2 और 305-A बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

