झाडग़्राम 27 मार्च (आरएनएस)। राज्य में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
आज शाम आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आकांक्षा भास्कर , जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, झाडग़्राम ने जानकारी देते हुए बताया कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 129 तथा राज्य सरकार के निर्देशों के तहत 24 मार्च को जिला स्तरीय अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों , बीडीओ और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ बैठक की गई। उन्होंने बताया कि जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों—नयाग्राम (एसटी), गोपीबल्लभपुर, झाडग़्राम और बिनपुर (एसटी)—में चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को हिंसा, डराने-धमकाने, प्रलोभन, फर्जी मतदान (छप्पा), बूथ जाम और मतदाताओं की आवाजाही में बाधा जैसी गतिविधियों से मुक्त रखा जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रिटर्निंग ऑफिसरों, सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों और सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इन आदेशों को सभी चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और मतदान कर्मियों तक पहुंचाएं। इसके अलावा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को भी इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और अपने-अपने कर्मचारियों तक जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। इधर, 25 मार्च को आयोजित (एसवीईईपी) व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए शपथ भी दिलाई गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

