आइज़ोल 28 March, (Rns): भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित पीआईबी प्रेस टूर में भाग ले रहे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों के एक दल ने आज आज अपने टूर के आखिरी दिन आइजोल स्थित लोक भवन में मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त) से मुलाकात की। राज्यपाल (डॉ.) विजय कुमार सिंह ने भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमा से लगे त्रिकोणीय जंक्शन राज्य के रूप में मिजोरम के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डाला, जो भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों का उल्लेख किया, जिसके परिणामस्वरूप सीमा क्षेत्र काफी हद तक शांतिपूर्ण बना हुआ है। राज्यपाल ने 1986 के मिजोरम शांति समझौते के बाद मिजोरम की अतीत की अशांति से स्थायी शांति तक की यात्रा को याद किया। उन्होंने राज्य को भारत का पहला पूर्णतः साक्षर राज्य बताया, जिसे “भारत की अदरक राजधानी” के रूप में जाना जाता है, और सभी क्षेत्रों में इसके तीव्र विकास की प्रशंसा की। बुनियादी ढांचे के संदर्भ में, उन्होंने हाल ही में उद्घाटन की गई 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन को क्रांतिकारी कदम बताया। यह लाइन दक्षिण की ओर 200 किलोमीटर से अधिक ज़ोरिन पुई तक विस्तारित की जाएगी, जो कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (केएमएमटीटीपी) से जुड़कर म्यांमार के पलेटवा और सितवे बंदरगाह से संपर्क स्थापित करेगी। इससे मिजोरम और पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
सीमा सुरक्षा के संबंध में, राज्यपाल ने मादक पदार्थों की तस्करी की आशंकाओं को स्वीकार किया, लेकिन अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी निगरानी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने इस आदिवासी, ईसाई-बहुसंख्यक राज्य में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में चर्च, यंग मिज़ो एसोसिएशन (वाईएमए) और गैर-सरकारी संगठनों की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की। पीआईबी प्रेस टूर टीम के सदस्यों ने मिज़ोरम की प्राकृतिक सुंदरता, उत्कृष्ट नागरिक भावना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, कम हॉर्न बजाना, कम ध्वनि प्रदूषण और यहां के लोगों के विनम्र और कानून का पालन करने वाले स्वभाव की प्रशंसा की।

