सारंगढ़-बिलाईगढ़ 28 मार्च 2026(आरएनएस) ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब महंगी पड़ रही है—यातायात पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए सिर्फ 4 दिनों में 76 मामलों में चालान काटकर 35 हजार 400 रुपये का जुर्माना ठोक दिया है और सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वालों पर शिकंजा कस दिया है। 22 मार्च से 26 मार्च 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन, नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियां और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को चिन्हित कर ऑनलाइन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई, 22 मार्च को 16 मामलों में 5 हजार 800 रुपये, 24 मार्च को 23 मामलों में 7 हजार 900 रुपये, 25 मार्च को 19 मामलों में 12 हजार 200 रुपये और 26 मार्च को 18 मामलों में 9 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, इस पूरी कार्रवाई में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक जितेन्द्र चन्द्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक समेलाल सोनवानी, प्रधान आरक्षक श्याम प्रधान, मुकेश साहू, आरक्षक अक्षय रात्रे और सनसाई तिग्गा की टीम लगातार मैदान में सक्रिय रही, टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाकर नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही पकड़कर चालान किया, ऑनलाइन सिस्टम के जरिए पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की गई जिससे बचने की कोई गुंजाइश नहीं रही। पुलिस का साफ संदेश है कि सड़क पर लापरवाही अब सीधे जेब पर भारी पड़ेगी—नियम मानिए, वरना कार्रवाई तय है।


