रामानुजगंज, 29 मार्च (आरएनएस)। पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा समिति, अशोकनगर (मध्यप्रदेश) द्वारा नगर में पुन: नियमित निशुल्क योग कक्षाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। यह पहल गुरुदेव डॉ. पवन सिंघल द्वारा स्थापित संस्था के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है।
योग कक्षाएं प्रात: 5:00 बजे से 7:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी, जबकि रविवार एवं विशेष अवसरों पर समय बढ़ाकर 7:30 बजे तक रखा जाएगा। इन कक्षाओं का नियमित संचालन करुणा गुप्ता (ग्वालियर) द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा।
नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित प्राचीन राम मंदिर में 2 अप्रैल से योग कक्षा का शुभारंभ योग गुरु ज्ञानेंद्र बाजपेई एवं आरती बाजपेई के नेतृत्व में होगा। इस आयोजन में नगर के बड़ी संख्या में नागरिकों के सम्मिलित होने की संभावना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद सुमित गुप्ता, योग साधक आलोक गुप्ता, अमित गुप्ता एवं अरविंद गुप्ता ने बताया कि पूर्व में भी राम मंदिर में नियमित रूप से योग कक्षाएं संचालित होती थीं, जो कुछ समय के लिए बंद हो गई थीं। अब इन्हें पुन: प्रारंभ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस निशुल्क योग शिविर में महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग सभी भाग ले सकते हैं। वरिष्ठ योग साधक अरविंद दुबे एवं राजू गुप्ता ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस योग शिविर में भाग लेने की अपील की है।
योग साधक अमित गुप्ता ने जानकारी दी कि पूर्व में यह योग कक्षाएं एक वर्ष से अधिक समय तक नियमित रूप से संचालित हुई थीं, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हुए थे। इसके साथ ही कई सामाजिक गतिविधियां भी संचालित की जाती थीं, जिन्हें अब पुन: शुरू किया जाएगा।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

