हल्द्वानी,29 मार्च (आरएनएस)। हल्द्वानी में बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना शनिवार देर रात तक चली। गोविंद बिष्ट के सिर तीसरी बार अध्यक्ष का ताज सजा। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष किशोर पंत को तीन सौ पंद्रह वोटों के बड़े अंतर से हराया। देर रात विजेताओं के समर्थकों ने जजी परिसर में ही जुलूस निकाला। शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ था। कुल 1324 में से 1082 मतदाताओं ने वोट डाले थे। मतगणना देररात दो बजे पूरी हो सकी। मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद पांडेय ने बताया कि गोविंद सिंह बिष्ट तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीते हैं। उपाध्यक्ष पद पर ललित मेर ने बाजी मारी। महिला उपाध्यक्ष पद पर बसंती बिष्ट, सचिव पद पर मोहन सिंह बिष्ट विजयी रहे। संयुक्त सचिव पद पर सुधांशु तिवारी, संयुक्त सचिव प्रेस के पद पर वानू कबडाल, कोषाध्यक्ष पद पर गौरव कपूर, लेखाधिकारी पद पर गौरव सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की। इसके अलावा पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर लोकेश राज चौधरी निर्वाचित हुए। महिला सदस्य पद पर सुनीता भट्ट, सामान्य सदस्य में राहुल भट्ट, मयंक प्रकाश, राकेश कुकरेती और कैलाश भट्ट को विजयी घोषित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

