पौड़ी,29 मार्च (आरएनएस)। जनपद में विद्युत, पेयजल और शिक्षा के साथ-साथ सड़क संपर्क में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से मोटर मार्गों का निर्माण और सुधारीकरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित बन रही है। अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत ने बताया कि थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग का 2.87 किमी लंबा सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य 230.93 लाख रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया है। इस मार्ग से ग्राम मतोली, छपरखाल और मंगरों के 431 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है। राज्य योजना के तहत बीरोंखाल क्षेत्र के रसिया महादेव-नाउ-नागणी-चित्तोडख़ाल 1.5 किमी मोटर मार्ग का 148.55 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण और सुधारीकरण किया गया जिससे चकरगांव और लिंगुडिया के 657 ग्रामीणों की यात्रा आसान हुई है। वहीं, मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत शामिल 1.250 किमी लंबे चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग का 109.15 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य भी निर्धारित समय में पूरा कर लिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

