पौड़ी,29 मार्च (आरएनएस)। उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी की ओर से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए थलीसैंण से देशसेवा नामक एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की गई। रविवार को उन्होंने स्वयं तीन घंटे की इतिहास विषय की क्रैश कोर्स कक्षा संचालित की जिसमें 18 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।उपजिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल के तहत प्रत्येक रविवार को क्रैश कोर्स एवं मैराथन कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा जिससे अभ्यर्थियों के ज्ञान और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का निरंतर विकास सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाना है ताकि उन्हें बेहतर तैयारी के लिए देहरादून व अन्य शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। इस पहल के लिए ग्राम प्रधानों और अभिभावकों ने उपजिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उप प्राचार्य दुदुन मेहता, अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप और बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत का विशेष सहयोग रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

