वानखेड़े, 30 मार्च। रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. वानखेड़े स्टेडियम में हिटमैन रोहित ने मात्र 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल इतिहास में उनकी सबसे तेज फिफ्टी है. इससे पहले केकेआर ने 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसका पीछा करते हुए रोहित और रयान रिकेल्टन ने शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की.
कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन बनाए थे, जिसके जवाब में रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन से अच्छी शुरुआत की दरकार थी. दोनों उम्मीद पर खरे उतरे, केकेआर का कोई गेंदबाज उन्हें परेशान नहीं कर पाया. पॉवरप्ले में दोनों ने बिना विकेट गंवाए 80 रन बना लिए.
रोहित शर्मा ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. आईपीएल इतिहास में ये उनका सबसे तेज अर्धशतक है, जो लीग के पहले संस्करण से खेल रहे हैं. इससे पहले उनका सबसे तेज अर्धशतक 25 गेंदों में आया था, वो पारी उन्होंने 2015 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेली थी.
रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रनों की पारी खेली और पहले विकेट के लिए रयान रिकेल्टन के साथ 148 रनों की साझेदारी की. इस पारी में रोहित ने 6 छक्के और इतने ही चौके लगाए. वह वैभव अरोड़ा की गेंद में अनुकूल रॉय के हाथों कैच आउट हुए.
हिटमैन रोहित आईपीएल के पहले संस्करण (2008) से खेल रहे हैं. शुरूआती 3 संस्करणों में वह डेकन चार्जर्स के लिए खेले थे, जिनके लिए उन्होंने 45 मैच खेले. 2011 में वह मुंबई इंडियंस में शामिल हुए और फिर कप्तान बने, 2013 में उन्होंने बतौर कप्तान एमआई को पहली आईपीएल ट्रॉफी जिताई. मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में 5 ट्रॉफी जीती हैं. रोहित ने आईपीएल में खेले 273 मैचों में 7124 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 48 अर्धशतक शामिल हैं. आईपीएल में रोहित ने 308 छक्के और 646 चौके लगाए हैं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

