जौनपुर 30 मार्च (आरएनएस )। सुरेरी क्षेत्र के करौदी कला गांव की बेटी आकांक्षा कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर डिप्टी जेलर बनकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। सोमवार को घोषित पीसीएस परीक्षा परिणाम में सफलता प्राप्त करते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।आकांक्षा, कमला प्रसाद की पुत्री हैं। उनकी माता सरोज देवी वर्तमान में करौदी कला की ग्राम प्रधान हैं, जबकि उनके पिता पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। साधारण परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।प्राथमिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई आकांक्षा ने ग्रामीण क्षेत्र में ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से बीएससी एवं एमएससी की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करते हुए उन्होंने डिप्टी जेलर का पद प्राप्त कर लिया।जैसे ही चयन की सूचना गांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और आकांक्षा को शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। कमला प्रसाद ने कहा, मेरी बेटी आकांक्षा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उसने हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर गंभीरता दिखाई और कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत से कभी पीछे नहीं हटी। आज उसकी इस सफलता ने हम सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

