जियो और जीने दोÓ का दिया संदेश, झांकियों से सजी यात्रा
प्रयागराज 30 मार्च (आरएनएस)। भगवान महावीर जयंती का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैन समाज ने विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसी क्रम में जीरो रोड स्थित जैन मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा जीरो रोड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और वापस मंदिर परिसर में समाप्त हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन, त्याग, अहिंसा और सत्य का संदेश दर्शाती कई आकर्षक झांकियां शामिल थीं। जुलूस में महिलाओं और युवाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। पूरे मार्ग में स्वयंसेवकों ने अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखी।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के बताए मार्ग – अहिंसा, सत्य और करुणा – पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान वैश्विक तनाव के दौर में भगवान महावीर का जियो और जीने दो का संदेश अत्यंत प्रासंगिक है, जो शांति और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाता है।
शोभायात्रा के संयोजक विकास जैन ने बताया कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपनाकर ही व्यक्ति जीवन के दुखों से मुक्ति पा सकता है। उनके विचार समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करने में सहायक हैं।
फूलों की वर्षा करके रथ यात्रा का स्वागत किया जा रहा था। महिलाएं और बच्चे पीले रंग का वस्त्र पहने हुए थे ऐसा लग रहा था जैसे सरसों का फूल लहरा रहे है। भक्त भगवान महावीर के संदेशों को लोगों तक पहुंचा रहे थे हमें युद्ध नहीं शांति चाहिए, जियो और जीने दो, गर्मी पड़ रही है पंछियों के लिए दाने और पानी अपने छत पर व्यवस्थित करें, जीव जंतुओं से प्रेम करें।
शोभा यात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर बहादुरगंज, लोकनाथ, बजाज पट्टी, चौक, घंटाघर, जानसेनगंज, एस सी वासु रोड होते हुए जैन मंदिर पर पूर्ण हुई।
शोभा यात्रा में दिनेश कुमार जैन, निर्मल जैन, राजेश जैन, अशोक जैन, आलोक जैन, मुनीन्द्र जैन, अमित जैन, राजू जैन ,आकाश जैन, अर्पित जैन, विजय चौरसिया, अकरम शगुन व हजारों भक्त शामिल हुए।
पुलिस प्रशासन की तरफ से ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। कोतवाली क्षेत्र के एसीपी रवि कुमार गुप्ता, कोतवाली इंचार्ज संजय राय, बहादुरगंज चौकी शाहगंज थाना के समस्त पुलिस के जवान सुबह से ही रथ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में लगे हुए थे। पीस कमेटी के चांद मियां, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद डाबर, सिविल डिफेंस के अन्नू भैया, ताहिर अंसारी, राकेश मल्होत्रा और पूर्व पार्षद अनीस अहमद आदि पुलिस का सहयोग कर रहे थे।
शोभायात्रा का समापन जैन मंदिर में आरती के साथ हुआ। महावीर जयंती के अवसर पर प्रशासन ने शहर में मांस की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए थे, जिनका पालन किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

