920 पदों के लिए 11 हजार अभ्यर्थी शामिल
प्रयागराज 30 मार्च (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस 2025 मेंस परीक्षा का दूसरा दिन प्रयागराज में शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन ने परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने की अनुमति नहीं है। प्रवेश से पहले गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी अनियमितता को रोका जा सके। यह मेंस परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में कुल 27 केंद्रों पर हो रही है। इसमें 11,403 अभ्यर्थी विभिन्न प्रशासनिक पदों के लिए शामिल हो रहे हैं।
ज्ञात हो कि यूपी पीसीएस प्री परीक्षा 2025 का परिणाम 1 दिसंबर को घोषित किया गया था, जिसमें 11,727 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 920 पदों पर चयन किया जाना है। इनमें 814 विभिन्न पदों के साथ 106 पद एसीएफ (सहायक वन संरक्षक) और आरएफओ (क्षेत्रीय वन अधिकारी) के शामिल हैं।
इस भर्ती के लिए 20 फरवरी 2025 को जारी विज्ञापन के बाद 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 12 अक्टूबर को हुई प्रारंभिक परीक्षा में 2,65,270 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस बार पदों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो पहले लगभग 200 थी, अब बढ़कर 920 हो गई है।
प्रशासन का दावा है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा रही है, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

