बिलासपुर, 30 मार्च 2026 (आरएनएस) — सीपत थाना क्षेत्र के सेलर बरभांठा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब पानी टंकी की सीढ़ियों पर एक युवक की लाश पड़ी मिली और कुछ ही घंटों की जांच में यह साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि बेरहमी से की गई हत्या है, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी अनिल केंवट को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। घटना की शुरुआत 29 मार्च को तब हुई जब सूचक शत्रुहन धुरी ने सूचना दी कि राजू धुरी पानी टंकी की सीढ़ियों पर मृत अवस्था में पड़ा है, सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया गया और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू हुई, गवाहों के बयान और परिस्थितियों ने हत्या की ओर इशारा किया, जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई अनिल केंवट पर जाकर टिक गई, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात उगल दी। आरोपी अनिल केंवट, पिता स्वर्गीय रामकुमार केंवट, उम्र 40 वर्ष, निवासी सेलर बरभांठा, ने बताया कि वह पानी टंकी की रेलिंग पर सोता था, 28 मार्च की रात करीब 9 बजे खाना खाकर सो रहा था तभी मृतक राजू धुरी वहां पहुंचा और उसे आवाज दी, आरोपी ने उसे वहां से जाने को कहा लेकिन राजू वहीं रुक गया, इसी बात पर आरोपी भड़क गया और पास में पड़े बांस के डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे गंभीर चोट लगने पर मौके पर ही उसकी मौत हो गई, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह वारदात एक बार फिर यह साबित करती है कि मामूली विवाद भी कब खौफनाक अंजाम ले ले, कहना मुश्किल है—गुस्से का एक पल जिंदगी छीन सकता है और उम्रभर की सजा दे सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

