रायपुर, 31 मार्च (आरएनएस)। भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रमुख संयंत्र भिलाई इस्पात संयंत्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में हॉट मेटल उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 6 मिलियन टन का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि संयंत्र की परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी दक्षता और सामूहिक प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।
उल्लेखनीय है कि संयंत्र ने वर्ष 2005-06 में पहली बार 5 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का स्तर हासिल किया था, उस समय सात ब्लास्ट फर्नेस संचालित थे। इसके विपरीत वर्तमान में केवल चार ब्लास्ट फर्नेस के संचालन के साथ 6 मिलियन टन उत्पादन का यह मील का पत्थर प्राप्त किया जाना संयंत्र की उन्नत तकनीक, संसाधनों के बेहतर उपयोग और परिचालन अनुशासन को दर्शाता है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (वक्र्स) श्री राकेश कुमार तथा वरिष्ठ प्रबंधन ने ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े सभी कर्मियों और हितधारकों को बधाई दी है। प्रबंधन ने ब्लास्ट फर्नेस के प्रदर्शन में निरंतर सुधार की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को भविष्य की प्रगति के लिए एक नया मानक बताया और टीमों को इसी प्रतिबद्धता एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ते हुए उच्चतर उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
आर. शर्मा
०००

