नईदिल्ली, 01 अपै्रल। आईपीएल 2026 के चौथे मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और फिर शानदार गेंदबाजी करके गुजरात टाइटन्स को 162 रन पर ही रोक दिया. उसके बाद प्रभसिमरन सिंह (37) और कूपर कोनोली के 44 गेंदों में नाबाद 72 रनों की पारी की वजह से 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया.
एक समय पंजाब की टीम आसानी से मैच को जीतते हुए नजर आ रही थी जब उसका स्कोर 12 ओवर में 2 विकेट पर 110 रन था, लेकिन उसके बाद पंजाब ने 44 रन के अंदर 5 विकेट खो दिए, जिसके बाद उनका स्कोर 17 ओवर में 7 विकेट पर 144 रन हो गया. लेकिन कोपर कोनोली ने 72 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी.
कोनोली ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए. जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. प्रभसिमर और कोनोली के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सके. कप्तान श्रेयस अय्यर 18 रन बनाकर आउट हो गए. वही गुजरात की तरफ से प्रसिद्ध कृषणा सबसे सफल गेंद बाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इसके अलावा रबाड़ा, आशोक, राशिद खान और सुंदर को एक-एक विकेट मिला.
इससे पहले न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए. जिसमें कप्तान शुभमन गिल के 27 गेंद में 39, जोस बटलर के 33 गेंद में 38, ग्लेन फिलिप्स के 17 गेंद में 25 और सुंदर के 16 गेंद में 18 रन शामिल थे.
पंजाब के गेंदबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्श किया, खासकर विजयकुमार विशाक और युजवेंद्र चहल ने अच्छी गेंदबाजी की और 6 में पांच विकेट झटके. विजयकुमार ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि चहल ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए.
टॉस जीतने के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, पिछला सीजन हमारा जबरदस्त रहा था, लेकिन हमें वर्तमान पर ध्यान देना होगा. हमें अतीत के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है. हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा. उन्होंने अपनी टीम में चार बाहरी खिलाडिय़ों का नाम बताते हुए कहा कि कूपर टीम में आए हैं, साथ ही स्टोइनिस, बार्टलेट और मार्को जानसेन भी प्लेइंग-11 में हैं.
वहीं गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘विकेट काफी अच्छा दिख रहा है. पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. बल्लेबाजी के लिए यह एक अच्छा विकेट लग रहा है. पिछले साल हमारा सीजन काफी अच्छा रहा था. इस मैच में दो नए खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं, ग्लेन फिलिपस और अशोक शर्मा है. हमारी टीम में जोस, ग्लेन, राशिद और रबाडा जैसे बाहरी खिलाड़ी हैं. वह (बटलर) एक बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं, मुझे पूरा यकीन है कि यह साल हमारे लिए उनका बहुत शानदार रहेगा.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: प्रियांश आर्य, हरप्रीत बराड़, प्रवीण दुबे, विष्णु विनोद, सूर्यांश शेडगे
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, एम शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज.
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर, जयंत यादव, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

