गेहूं की फसल को नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता
प्रयागराज 1 अप्रैल (आरएनएस)। प्रयागराज जनपद में मंगलवार रात अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और बारिश से जहां मौसम ठंडा हो गया, वहीं खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। कटाई के समय आई इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रातभर चली तेज हवाओं और बारिश का असर बुधवार सुबह तक देखने को मिला, जहां हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा और आसमान में घने काले बादल छाए रहे।
इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। इस समय गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार खेतों में खड़ी है, लेकिन तेज हवा और बारिश के चलते कई जगहों पर फसल गिर गई। इससे उत्पादन पर असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है। कुछ इलाकों में तो फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह तक मौसम ठंडा हो गया और तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। अचानक हुए इस बदलाव ने लोगों को भी चौंका दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों तक मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है। ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी फसल को बचाने की है। कटाई के इस महत्वपूर्ण समय पर मौसम का यह मिजाज किसानों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

