कुशीनगर, 1 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चन्द्रप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आशा बहुओं, सफाई नायकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने सहभागिता करते हुए संचारी रोगों से बचाव संबंधी जागरूकता संदेश दिया। प्रतिभागियों ने बुखार में देरी पड़ी भारी, रोकें मच्छर, बचाएं जीवन तथा स्वच्छ पानी–स्वस्थ जीवन जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। रैली मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए पुन: कार्यालय परिसर में समाप्त हुआ। जहां स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम करते हुए स्वच्छता के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही मच्छरों के नियंत्रण हेतु लार्वीसाइड का छिड़काव एवं फॉगिंग कार्य कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। जिसके अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार से पीडि़त व्यक्तियों की जानकारी संकलित करेंगी तथा टीबी, कुपोषण एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर आवश्यक परामर्श प्रदान करेंगी। साथ ही लोगों को स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार सिंह, जनपद के मलेरिया निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पडरौना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

