बस्ती 1 अप्रैल (आरएनएस)। सोनहा थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव में मंगलवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने ही चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जमील पुत्र हिदायत (उम्र लगभग 35 वर्ष) का भतीजा रिजवान पुत्र वकील तीन दिन पूर्व मुंबई से गांव आया था। उसका परिवार मुंबई में ही रहता है। गांव पहुंचने पर जमील ने उसे अपने घर में शरण दी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, रिजवान नशे का आदी था और पूर्व में चोरी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आ चुका है। मंगलवार को उसने कथित रूप से किसी के घर से दो बोरी धान चोरी कर अपने चाचा के घर की छत पर रख दिया था। इसकी जानकारी होने पर जमील ने उसे फटकार लगाई, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर रिजवान ने अपनी जींस में रखा चाकू निकाल लिया। उसने जमील के सीने के बाएं हिस्से पर ताबड़तोड़ तीन से चार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकडऩे का प्रयास किया। इसी दौरान नशे की हालत में भागते समय रिजवान का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा।ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही जमील ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस गांव लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी रिजवान का उपचार चल रहा है, जिसके स्वस्थ होते ही उसे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक जमील अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

