लखनऊ 1 अप्रैल (आरएनएस)। ‘पालि दिवसÓ के अवसर पर 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ने ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक चिंतन को एक मंच पर साकार किया। मेरठ स्थित स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पालि साहित्य में समानता और बंधुत्व विषय पर देश-विदेश के विद्वानों ने गहन विचार-विमर्श किया। पालि सोसाइटी ऑफ इंडिया और तथागत बुद्ध पीठ के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के सहयोग से आयोजित यह सम्मेलन सांस्कृतिक और बौद्धिक संवाद का प्रभावशाली मंच बनकर उभरा।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भदंत डॉ. तेजवरो महाथेरो ने पालि परंपराओं को वैश्विक शांति, समानता और भाईचारे का आधार बताते हुए उनके महत्व पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने वक्तव्य में पालि साहित्य की वर्तमान समय में प्रासंगिकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में उसकी भूमिका को विस्तार से समझाया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में रविंद्र पंथ भी उपस्थित रहे।सम्मेलन के शैक्षणिक सत्रों में देश-विदेश के विद्वानों और शोधकर्ताओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। इनमें बौद्ध समाजशास्त्र और सामाजिक न्याय, संघ के भीतर सांप्रदायिक सद्भाव तथा पालि साहित्य में समानता और बंधुत्व के नैतिक आधार जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। इस बौद्धिक विमर्श ने न केवल शोध के नए आयाम खोले, बल्कि समकालीन समाज के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश दिए।
समापन सत्र में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पालि साहित्य के माध्यम से समानता और बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। विशेषज्ञों ने ऐसे शैक्षणिक मंचों को सांस्कृतिक संवाद और शोध सहयोग के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह सम्मेलन बौद्ध अध्ययन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक समझ को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस सम्मेलन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पालि साहित्य हमारी सांस्कृतिक चेतना का आधार है, जो समाज को समानता, बंधुत्व और शांति का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच न केवल विचारों के आदान-प्रदान को मजबूत करते हैं, बल्कि हमारी विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

