सड़क-नाली निर्माण में आ रही बाधा
प्रयागराज 1 अप्रैल (आरएनएस)। वार्ड नंबर 99, गुरु तेगबहादुर नगर क्षेत्र के जीटीबी नगर करैली में अवैध अतिक्रमण को लेकर पार्षद एवं स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से शिकायत की है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण का कार्य नगर निगम द्वारा स्वीकृत किया गया है, लेकिन भवनों के आगे किए गए अतिक्रमण के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
आरोप है कि कई लोगों ने अपने मकानों के सामने काफी दूर तक अवैध निर्माण कर लिया है, जिससे न केवल मार्ग संकरा हो गया है बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इससे पूरे इलाके में विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि हाजी सलामत उल्लाह ने बताया कि वह लगातार जनता के हित में कार्य कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें बदनाम करने के लिए गलत आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें माफिया से जोड़कर शिकायतें और जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है, जबकि वह केवल क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित लोगों से बात की जाती है तो वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। ऐसे में प्रशासन की सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि सड़क और नाली निर्माण का कार्य सुचारू रूप से कराया जा सके। मामले में अपर नगर आयुक्त ने संबंधित एक्सईएन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

