कोटद्वार,01 अपै्रल (आरएनएस)। नगर की मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। इसके तहत नगर निगम, यातायात पुलिस, लोनिवि दुगड्डा व एनएच प्रशासन की संयुक्त टीम की ओर से पूर्व में सर्वे कर पाकेट पार्किंग के लिए 11 स्थान चिह्नित किए गए हैं। अप्रैल की बोर्ड बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद इसे अमली जामा पहनाया जाएगा। नगर निगम बनने के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से पार्किंग के लिए कई प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन को भेजे गए लेकिन अभी तक उन्हें स्वीकृति नहीं मिल पाई है। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण नगर की मुख्य सड़कों पर दोनों ओर दोपहिया व हल्के वाहनों की पार्किंग हो रही है जिससे सड़कों पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वही, फुटपाथ पर वाहनों की पार्किंग से पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को सड़क पर आवाजाही करनी पड़ रही है जिससे मार्ग पर दुर्घटनाएं होने की आशंका बनीहै। क्षेत्रवासी नगर निगम प्रशासन से लगातार पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रीय जनता की मांग पर नगर निगम प्रशासन की ओर से नगर निगम, यातायात पुलिस, लोनिवि दुगड्डा, एनएच की संयुक्त टीम से विगत दिसंबर में संयुक्त सर्वे कराया गया था। संयुक्त टीम ने पाकेट पार्किंग के लिए बेस अस्पताल व आसपास के क्षेत्र, झंडाचौक, लालबत्ती चौराहा, गाड़ीपड़ाव स्टैड, उमानंद बड़थ्वाल मार्ग स्थित स्टैंड, पटेल मार्ग, सिनेमा रोड, देवी रोड पर एसबीआई व मछली बाजार, मोटर नगर आदि स्थानों का सर्वे किया था। सर्वे के बाद टीम की ओर से पार्किंग के लिए 11 स्थान चिह्नित किए थे। नगर निगम की ओर से पूर्व में भी छह पाकेट पार्किंग बनाए गए थे। जिसमें से देवी रोड पर एसबीआई बैंक के समीप की पाकेट पार्किंग ही संचालित हो रही है।
पाकेट पार्किंग के लिए संयुक्त टीम की ओर से सर्वे के बाद 11 स्थान चिह्नित किए गए हैं। नगर निगम बोर्ड बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद चिह्नित स्थानों में पाकेट पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। – पीएल शाह, नगर आयुक्त कोटद्वार।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

