सिरसा 3 अप्रैल (आरएनएस)। कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला ने जिला विकास योजना के अंतर्गत गांव झोरडऱोही, सुरतिया व रोहण में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने गांव झोरडऱोही में बाबा रामदेव मंदिर से लेकर पीरखाने तक गली निर्माण का उद्घाटन किया। इस गली के निर्माण पर करीब 17 लाख रुपए की लागत आई है। ऐसे ही झोरडऱोही में उन्होंने एससी चौपाल के नवीनीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया, जिस पर करीब 5 लाख रुपए की लागत आई है। केहरवाला ने गांव सुरतिया में राजकीय स्कूल से लेकर माता रानी मंदिर तक गली निर्माण का उद्घाटन किया। इस गली के निर्माण पर करीब 18 लाख रुपए की लागत आई है। ऐसे ही जिला विकास योजना के अंतर्गत गांव रोहण में नवनिर्मित जिम हाल का उद्घाटन किया, जिस पर करीब 12 लाख रुपए का खर्च है। इस दौरान विधायक केहरवाला ने कहा कि वे एक जनप्रतिनिधि के रूप में समग्र दृष्टि से कालांवाली हलके की जनता की आवाज को बुलंद करते रहेंगे। उनका मकसद है कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिले और इसके लिए वे लगातार सडक़ से लेकर विधानसभा तक प्रयास करते रहते हैं। केहरवाला ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही सकारात्मक राजनीति की है और उसी विचारधारा को आत्मसात करते हुए वे पिछले 12 वर्षों से कालांवाली की जनता के हकों को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवतार सिंह सुरतिया, जरनैल सिंह रोड़ी, सरपंच इकबाल सिंह, सुखविंद्र रोड़ी, शिवराज सिंह, गुरप्रीत सिंह, अमरकी सिंह व सुभाष सिंगाठिया मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

