सीतापुर 5 अप्रैल (आरएनएस)। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के चतुराबेहड़ गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक पेड़ से बुजुर्ग का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान 62 वर्षीय शुभनाथ पुत्र सर्वजीत के रूप में की। परिजनों के मुताबिक शुभनाथ पिछले करीब 30 वर्षों से लखनऊ में रह रहे थे और शनिवार दोपहर ही गांव आए थे, लेकिन अगले ही दिन उनका शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके की जांच में पुलिस को शव से करीब 20 मीटर दूर चप्पलें और कुछ दूरी पर चश्मा मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक जनगणना विभाग में ड्राइवर पद से सेवानिवृत्त थे और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महमूदाबाद पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। अब सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

