नईदिल्ली, 06 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस को लगातार 3 हार के बाद बड़ी राहत मिल सकती है। टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जल्द ही टीम में वापसी कर सकते हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले फिटनेस टेस्ट देंगे। अगर वह टेस्ट पास करते हैं, तो शनिवार को चेपॉक में मैदान पर खेलेंगे। बता दें, धोनी अब तक इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अगले 2 दिनों में धोनी का फिटनेस टेस्ट होना है। उसके बाद ही उनके मैच खेलने पर फैसला किया जाएगा। बता दें, धोनी को आईपीएल शुरू होने से पहले ही पिंडली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर रहे हैं। हालांकि, वह लगातार ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा ले रहे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले भी उन्होंने लंबे समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया था।
चेन्नई सुपरकिंग्स के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी वापसी के करीब हैं। उन्हें भी आईपीएल शुरू होने से पहले साइड स्ट्रेन हुआ था, जिसके चलते वह अब तक कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने संकेत दिए हैं कि ब्रेविस अगले मैच तक फिट हो सकते हैं। उनकी वापसी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए अहम होगी, क्योंकि उनके बिना मिडिल ऑर्डर कमजोर नजर आया है।
चेन्नई सुपरकिंग्स की आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद खराब रही है। पहले मैच में टीम मात्र 127 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 128/2 बनाकर मुकाबला आसानी से जीत लिया। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स बड़ा स्कोर (209/5) बनाने में कामयाब तो रही, लेकिन गेंदबाज इसको डिफेंड नहीं कर पाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स 207 रन पर ऑलआउट हुई, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 250/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

