हरिद्वार,06 अपै्रल (आरएनएस)। श्यामपुर क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र न होने से करीब 10 हजार से अधिक ग्रामीणों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए हरिद्वार के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में आधार सेवा केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। श्यामपुर क्षेत्र की आर्यनगर, कांगड़ी और सजनपुर पीली समेत पांच ग्राम पंचायतों में आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने या संशोधन कराने के लिए हरिद्वार जाना पड़ता है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को दिनभर का समय लग जाता है और कई बार लंबी कतारों के कारण काम भी नहीं हो पाता। ग्रामीण चंद्रशेखर ने बताया कि बच्चों के आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए उन्हें कई बार हरिद्वार जाना पड़ा। वहीं, हिमांशु कुमार का कहना है कि आधार में नाम या पते का संशोधन जैसे छोटे कार्य के लिए भी क्षेत्र में कोई सुविधा नहीं है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

