नईदिल्ली,07 अपै्रल। आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरून ग्रीन इस सीजन वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं जैसा उनसे केकेआर फैंस को उम्मीद थी. वो अब तक खेले गए तीन मैच में केवल 24 रन ही बना पाए है. आईपीएल 2026 में ग्रीन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 10 गेंदों में 18 रन बनाकर तेज तर्रार अंदाज में अपनी पारी की शुरुआत की थी, लेकिन वह लंबी पारी नहीं खेल सके.
उसके बाद दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह 2 रन बनाकर रन आउट हो गए. जबकि तीसरे मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में भी वह 4 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए. उनके लगातार खराब प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया है.
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने ग्रीन की फॉर्म पर अपनी राय देते हुए कहा कि उनके खेलने के तरीके में कुछ चिंताजनक बातें साफ नजर आ रही हैं. फिंच ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बातचीत में कहा, ‘उनमें से एक बार वह रन आउट हुए थे, जिसमें उनकी कोई गलती नहीं थी. फिर भी, वह दो बार नाकाम रहे हैं. उनमें थोड़ी घबराहट दिख रही है, वह अब पहले जैसे नहीं लग रहे.’
फिंच ने आगे कहा, ‘याद है जब वह एमआई के लिए बैटिंग ऑर्डर में ऊपर खेलते थे, तब उनका खेलने का अंदाज कितना अलग होता था. तब वो क्रीज पर वह तब काफी हावी होकर खेलते थे. अब वह थोड़े हिचकिचाते हुए दिख रहे हैं. उन्हें बैटिंग ऑर्डर में नीचे मत भेजो. या तो उन्हें ऊपर भेजो, या फिर उन्हें आराम दो.’
बता दें कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, सभी की नजरें ग्रीन पर टिकी रहेंगी कि वे अपनी लय वापस पाएं और अपनी रिकॉर्ड कीमत को सही साबित करें, जबकि केकेआर को भी अपने बैटिंग क्रम और मैदान पर अपनी रणनीतियों, दोनों पर फिर से विचार करने की जरूरत पड़ सकती है. आईपीएल ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस सीजन केकेआर के अभियान की शुरुआत काफी निराशाजनक रही है और वो अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है. तीन मैच में से दो में उसे हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया. इस समय अंक तालिका में वो 8वें स्थान पर हैं.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

