नईदिल्ली,07 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कुछ बल्लेबाजों को विशेष टीम के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद होता है। वह अपनी पसंदीदा टीमों के खिलाफ अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए खूब रन बटोरते हैं। आईपीएल के इतिहास में अब तक चुनिंदा बल्लेबाज ही किसी एक टीम के खिलाफ 50 छक्के मारने में सफल हुए हैं। इस बीच उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जो किसी एक टीम के विरुद्ध 50 या उससे अधिक छक्के लगा चुके हैं।
पूर्व दिग्गज क्रिस गेल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर थे। वह अपनी उपस्थिति भर से विपक्षी गेंदबाजों में खौफ भर देते थे। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 मैच खेले थे और इसकी 16 ही पारियों में 53.13 की औसत और 174.78 की स्ट्राइक रेट के साथ 797 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध कुल 63 छक्के लगाए थे।
गेल के कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध भी उम्दा आंकड़े रहे हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 19 मैचों की 19 पारियों में 43.75 की औसत और 151.84 की स्ट्राइक रेट से 700 रन बनाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने 54 छक्के लगाए थे। उन्होंने आईपीएल में 142 मैच खेले थे, जिसकी 141 पारियों में 39.72 की औसत और 148.96 की स्ट्राइक रेट से 4,965 रन बनाए थे। इसमें उनके नाम 6 शतक और 31 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
एमआई के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध अब तक 51 छक्के लगाए हैं। उन्हें इस टीम के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। रोहित ने दिल्ली कैपिटल्स टीम के खिलाफ 38 मैच खेले हैं और इसकी 38 पारियों में 31.2 की औसत और 132.68 की स्ट्राइक रेट से 1,092 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74* रन रहा है।
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 में अब तक फिटनेस कारणों से कोई मैच नहीं खेल सके हैं। उन्हें आरसीबी के विरुद्ध बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है। वह इस टीम के खिलाफ 50 छक्के लगा चुके हैं। धोनी ने इस टीम के खिलाफ अब तक 38 मैचों में लगभग 40 की औसत और 143.12 की स्ट्राइक रेट के साथ 906 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
००

