यरूशलम,07 अपै्रल। इजरायल ने ईरान के लोगों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। उसने बड़े हमले की संभावना जताते हुए सभी लोगों से अगले 12 घंटे में रेलवे ट्रेन से दूर रहने की अपील की है। इजरायली सेना ने अपने फारसी एक्स अकाउंट में लिखा कि ट्रेनों में और रेलवे लाइनों के आस-पास आपकी उपस्थिति आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है। बता दें कि अमेरिका ने भी ईरान को मंगलवार रात 9 बजे तक अल्टीमेटम दिया है।
इजरायली सेना ने लिखा, ईरान में ट्रेन यात्रियों के लिए तत्काल चेतावनी। प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, हम आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि अभी से लेकर ईरान के समय अनुसार 9 बजे तक, आप पूरे ईरान में ट्रेन का उपयोग करने और उससे यात्रा करने से बचें। ट्रेनों में और रेलवे लाइनों के आस-पास आपकी उपस्थिति आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है।
शांति प्रयासों के बीच ईरान और इजरायल का एक-दूसरे पर हमला जारी है।
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तड़के अमेरिकी-इजरायली हमलों में तेहरान में एक यहूदी प्रार्थना स्थल रफी-निया सिनेगॉग पूरी तरह नष्ट हो गया। बता दें कि ईरान में यहूदी धर्म को आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त है, और यहां अभी भी यहूदियों की एक छोटी आबादी है। वर्ष 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद कई यहूदी देश छोड़कर चले गए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

