पिथौरागढ़,07 अपै्रल (आरएनएस)। गंगोलीहाट के चहज के डूनी टिम्टा में शराब की दुकान के विरोध में यूथ आर्मी भी सड़क पर उतर आई है। मंगलवार को यूथ आर्मी के युवाओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंच विरोध-प्रदर्शन किया। आक्रोशित युवाओं ने कहा कि रिहायशी और शांत इलाके में शराब की भट्टी खुलने से न केवल क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रदूषित होगा, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी संकट खड़ा हो जाएगा। कहा कि शैक्षणिक और सामाजिक मर्यादा को ताक पर रखकर लिए गए इस फैसले को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। युवाओं ने शासन-प्रशासन से प्रस्तावित शराब की दुकान को न खोलने की मांग उठाई है। कहा कि अगर जनहित की अनदेखी कर जबरन शराब की दुकान खोली गई तो वह स्थानीय लोगों को साथ लेकर उग्र आंदोलन करेंगे। यहां यूथ आर्मी के गौरव चंद पंत, गौरव बोरा, लिखित पंत, अमित वर्मा, नीरज मेहरा आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

