नईदिल्ली,08 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियन को 27 रनों से हराकर सीजन में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की. बारिश से बाधित मैच को 11-11 ओवर का खेला गया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने वैभव के 14 गेंद में 39 और जायसवाल के 32 गेंद में 77 रनों की बदौलत 3 विकेट खोकर 150 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई की टीम को वैसी शुरुआत नहीं मिली, जैसी राजस्थान को वैभव और जयसवाल ने दी, जिसकी वजह से वो 11 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सके और 27 रनों से मैच हार गए.
राजस्थान की शानदार गेंदबाजी के सामने मुंबई का टॉप ऑर्डर पुरी तरह से फ्लॉप रहा. रोहित 5, रिकल्टन 8, सूर्या 6, हार्दिक 9 और तिलक 14 रन ही बना सके. इसके अलावा नमन धीर और इम्पैक्ट प्लेयर रेदरफोर्ड ने 25-25 रनों की कुछ अच्छी पारी खेली. जिससे मुंबई 100 के पार पहुंच सका और हार के अंतर को कुछ कम किया. राजस्थान की तरफ से बर्गर, बिश्नोई और संदीप को 2-2 विकेट मिले, जबकि तुषार और आर्चर को एक-एक विकेट मिला.
इससे पहले वैभव और जयसावाल ने शानदार शुरुआत करके राजस्थान के लिए बड़े स्कोर की नीव रखी. वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंद में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे. खास बात ये है कि उन्होंने दो छक्के जसप्रीत बुमराह को और एक छक्का ट्रेंट बोल्ट को भी लगाया. वहीं जायसवाल 32 गेंद में 77 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के लगाए. इस पारी की वजह से उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गज़ऩफऱ, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

