नईदिल्ली ,10 अपै्रल (आरएनएस)। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी 3 दिवसीय अमेरिका के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने अनिश्चित वैश्विक व्यवस्था के बीच द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की और उसे मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और क्वाड समूह जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा की गई।
मिसरी ने अपनी यात्रा के दौरान अमेरिका के रक्षा विभाग में उप सचिव माइकल डफी और एलब्रिज कोल्बी तथा वाणिज्य विभाग में उप सचिव जेफरी केसलर और विलियम किम्मिट से भी मुलाकात की। इसके अलावा, अमेरिकी विदेश विभाग में राजनीतिक मामलों की अवर सचिव एलिसन हूकर के साथ बैठक हुई। मिसरी ने संघीय जांच ब्यूरो निदेशक काश पटेल से भी मुलाकात कर आतंकवाद, संगठित अपराध और नशीले पदार्थों से निपटने में भारत-अमेरिका के मजबूत सहयोग पर चर्चा की।
व्हाइट हाउस में मिसरी और रुबियो की मुलाकात की तस्वीर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर साझा की है। उन्होंने लिखा, व्हाइट हाउस में आपका स्वागत है विक्रम मिसरी। मार्को रुबियो के साथ एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंधों—विशेष रूप से व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और क्वाड पर चर्चा हुई। रूबियो अगले महीने भारत आने के लिए उत्सुक हैं! दौरे के दौरान अमेरिका और भारत ट्रेड पोर्टल भी लॉन्च किया गया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

