-छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति से सशक्त होगा छात्रों का भविष्य : डॉ. बिजेन्द्र सिंह
अयोध्या 10 अप्रैल (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए इस सत्र में बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय के 95 प्रतिशत विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्राप्त हुआ है, जिससे परिसर के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। विश्वविद्यालय आवासीय परिसर के कुल 5043 छात्र-छात्राओं में से 4787 विद्यार्थियों को लगभग 15 करोड़ 14 लाख 67 हजार 126 रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई है। कुलपति कर्नल डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, छात्र हितों एवं सामाजिक न्याय और शैक्षिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोडऩे का जो प्रयास किया जा रहा है, वह वास्तव में सराहनीय है। इससे विद्यार्थियों को बिना आर्थिक दबाव के उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनका भविष्य सुदृढ़ होगा। विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र-कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने बताया कि जन कल्याणकारी नीतियों के तहत प्रदेश सरकार की योजना के अंतर्गत सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन का समयबद्ध सत्यापन कर विश्वविद्यालय द्वारा अग्रसारित किया गया। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग के 2247 में से 2135, ओबीसी के 2024 में से 1934, अनुसूचित जाति के 447 में से 429 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 317 में से 289 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिला है। प्रो. पाठक ने यह भी कहा कि पिछले सत्र की तुलना में इस बार अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिला है, जो विश्वविद्यालय प्रशासन और टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। छात्र- छात्राओं के छात्रवृत्ति फॉर्म की माइक्रो लेबल पर मॉनिटरिंग कर त्रुटियों को ठीक किया गया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल एवं विभागाध्यक्षों, निदेशकों, समन्वयकों तथा शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो. नीलम पाठक एवं उनकी टीम को बधाई दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

