हरगांव/सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। क्षेत्र के अरमी गांव में आयोजित विष्णु महायज्ञ के तीसरे दिन शुक्रवार को कथा व्यास उमेश दीक्षित ने रामायण के प्रमुख प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध और कुंभकरण वध के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथावाचक ने बताया कि लंका युद्ध के दौरान मेघनाद और लक्ष्मण के बीच घमासान युद्ध हुआ, जिसमें मेघनाद के शक्तिबाण से लक्ष्मण मूच्र्छित हो गए थे। इस घटना से भगवान श्रीराम और वानर सेना चिंतित हो उठी। इसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण के प्राणों की रक्षा करते हैं। स्वस्थ होने पर लक्ष्मण पुन: युद्ध में उतरते हैं और मेघनाद का वध करते हैं। आगे उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम ने युद्ध में कुंभकरण का भी संहार किया। कथा के माध्यम से उन्होंने मर्यादा, धर्म और सत्य के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनुपम सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धा भाव से कथा का श्रवण किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

