सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। कचेहरी परिसर से अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश फूट पड़ा है। पुलिस की कार्रवाई को न्यायिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है, जिससे अदालतों का कामकाज प्रभावित होने की संभावना है। मामला सकरन लूटकांड के आरोपी ओमप्रकाश से जुड़ा है, जो कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। आरोप है कि कोर्ट द्वारा समर्पण न लेने के बाद पुलिस ने उसे कचेहरी परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। इस पर अधिवक्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे नियमों का उल्लंघन बताया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय अवस्थी ने कहा कि जब अभियुक्त स्वयं समर्पण के लिए आता है, तो उसे न्यायालय की प्रक्रिया के तहत ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को अनुचित करार देते हुए विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने 10 से 15 अप्रैल तक जिला जज व न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालतों में कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। साथ ही मामले की शिकायत उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से करने की बात कही है। कचेहरी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

